छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग में ई-टेंडरिंग की व्यवस्था बदलने जा रही है। 1 अक्टूबर 2026 से विभाग की सभी नई निविदाएं Government e-Procurement-NIC यानी GePNIC पोर्टल पर जारी होंगी। टेंडर बनाने और प्रकाशित करने से लेकर बिड प्राप्त करने, तकनीकी-आर्थिक मूल्यांकन और आगे की प्रक्रिया भी इसी पोर्टल के जरिए पूरी की जाएगी।
नई व्यवस्था में भाग लेने वाले ठेकेदारों के लिए GePNIC पर Enrollment कराना जरूरी होगा। विभाग ने ठेकेदारों से समय रहते नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा है, ताकि नई व्यवस्था लागू होने के बाद टेंडर में हिस्सा लेते समय तकनीकी परेशानी न हो। विभाग की ओर से ठेकेदार संघों के माध्यम से भी नई व्यवस्था की जानकारी पहुंचाई जा रही है।
PWD में अब केवल टेंडर का प्रकाशन ही नए पोर्टल पर नहीं होगा, बल्कि निविदा प्रक्रिया के सभी प्रमुख चरण ऑनलाइन संचालित किए जाएंगे। इसमें निविदा सृजन, प्रकाशन, बिड प्राप्ति, तकनीकी मूल्यांकन और वित्तीय मूल्यांकन समेत संबंधित कार्यवाहियां शामिल रहेंगी।
विभाग ने पुराने ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर पहले से प्रकाशित निविदाओं को लेकर भी समयसीमा तय की है। 30 सितंबर 2026 तक पुराने पोर्टल पर प्रकाशित टेंडरों की बिड प्राप्ति, मूल्यांकन, स्वीकृति और अन्य लंबित ऑनलाइन कार्यवाही 31 मार्च 2027 तक उसी पोर्टल पर पूरी की जा सकेगी। इसके बाद पुराने पोर्टल पर निविदा से जुड़ी कोई नई कार्यवाही नहीं होगी।
नई व्यवस्था को लागू करने के लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की तकनीकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है। निविदा आमंत्रण अधिकारियों, तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन समितियों के सदस्यों और संबंधित कर्मचारियों को User ID, Role Mapping और Digital Signature Certificate (DSC) की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग का जोर इस बात पर है कि 1 अक्टूबर से नई निविदाओं की प्रक्रिया बिना तकनीकी या प्रशासनिक रुकावट के GePNIC पर शुरू हो। ऐसे में ठेकेदारों के लिए सबसे जरूरी काम नए पोर्टल पर समय रहते Enrollment पूरा करना है।