मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जोकारी में किया लोकार्पण-भूमिपूजन, सामाजिक भवन, महतारी सदन और मिनी स्टेडियम की घोषणा
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम जोकारी में आयोजित कार्यक्रम में 29 करोड़ 32 लाख 84 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये के एक कार्य का लोकार्पण और 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये के चार कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ वनांचलों और अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। सरकार का प्रयास है कि कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे।
19 गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम काईकछार और बालाछापर में 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। इनके शुरू होने से क्षेत्र के 19 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। काईकछार उपकेंद्र से 9 गांव और बालाछापर उपकेंद्र से 10 गांव लाभान्वित होंगे। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों और अन्य ग्रामीण गतिविधियों को भी बेहतर बिजली सुविधा मिलेगी।
सामाजिक भवन और मिनी स्टेडियम की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों की मांग पर ग्राम बनकम्बो में चीक समाज के लिए 50 लाख रुपये की लागत से सामाजिक भवन और जोकारी में 30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा जोकारी में मिनी स्टेडियम एवं खेल मैदान बनाने की भी घोषणा की। इससे महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों के लिए स्थान मिलेगा और युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की खुशहाली और समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। राज्य सरकार अधोसंरचना विकास के साथ महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। जोकारी और आसपास के गांवों में शुरू होने वाले विकास कार्यों से क्षेत्र की प्रगति को नई गति मिलेगी।