रायपुर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे। यह पहल माता हासी देवी के आध्यात्मिक योगदान और समाज के प्रति उनकी सेवाओं को सम्मानित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पूज्य शदाणी दरबार, रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह विशेष स्मारक सिक्का जारी किया गया है। एक प्रमुख सिंधी विभूति के सम्मान में सिक्का जारी होना सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर है। इससे देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों में गर्व और प्रसन्नता का भाव है। स्मारक सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस विशेष सिक्के के माध्यम से माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसे बुक कर सकेंगे। यह स्मारक सिक्का माता हासी देवी के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक होने के साथ उनकी विरासत को सहेजने का माध्यम भी बनेगा। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन पूज्य शदाणी दरबार, रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य तथा देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *