रायपुर : छत्तीसगढ़ ने दक्षिण भारत के बड़े पर्यटन बाजार में अपनी पहुंच बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने फिक्की के सहयोग से चेन्नई में ‘छत्तीसगढ़ टूरिज्म रोड शो’ आयोजित किया, जिसमें 130 से अधिक ट्रैवल एजेंट और टूर ऑपरेटर शामिल हुए।

रोड शो के दौरान छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ पर्यटन उत्पादों और निवेश की संभावनाओं को चेन्नई के पर्यटन कारोबारियों के सामने रखा गया। कार्यक्रम में हुई B2B बैठकों के जरिए दोनों राज्यों के पर्यटन व्यवसायियों के बीच सीधे संवाद का अवसर मिला।

दक्षिण भारत से पर्यटकों को जोड़ने पर जोर

रोड शो का प्रमुख उद्देश्य छत्तीसगढ़ को दक्षिण भारत के पर्यटन बाजार से जोड़ना और यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ाना रहा। पर्यटन कारोबारियों के साथ चर्चा में छत्तीसगढ़ भ्रमण के लिए पर्यटक समूहों को जोड़ने और भविष्य में कारोबारी साझेदारी विकसित करने की संभावनाओं पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों को छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।

तमिल भाषा में पहली बार दिखी छत्तीसगढ़ की पर्यटन तस्वीर

चेन्नई रोड शो की सबसे खास बात रही कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और पर्यटन उत्पादों का पहली बार तमिल भाषा में प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया गया। स्थानीय भाषा में जानकारी दिए जाने से चेन्नई के पर्यटन कारोबारियों और संभावित पर्यटकों के साथ बेहतर जुड़ाव बनाने की कोशिश की गई।

पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन (IAS) ने तमिल और अंग्रेजी में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और विरासत संपदा की संभावनाओं को सामने रखा। उन्होंने राज्य को देश के प्रमुख पर्यटन बाजारों से जोड़ने की जरूरत पर भी जोर दिया।

पर्यटन स्थलों और निवेश की संभावनाओं पर प्रस्तुति

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे (IAS) ने राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों, पर्यटन उत्पादों और निवेश के अवसरों पर प्रस्तुतीकरण दिया। इसके जरिए चेन्नई के टूर ऑपरेटर्स को छत्तीसगढ़ में उपलब्ध पर्यटन अनुभवों और संभावित कारोबारी अवसरों की जानकारी दी गई।

B2B बैठकों में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच पर्यटक समूहों के आवागमन, पर्यटन उत्पादों के प्रचार और व्यावसायिक सहयोग को लेकर चर्चा हुई।

छत्तीसगढ़ से जुड़े अधिकारियों ने साझा किया अनुभव

रोड शो में चेन्नई में पदस्थ छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी के.सी. देवासेनापति और एलेक्स पॉल मेनन भी शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ से अपने जुड़ाव और राज्य की पर्यटन संभावनाओं को लेकर अपने विचार साझा किए।

उनकी मौजूदगी से कार्यक्रम में कारोबारी चर्चा के साथ छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक एवं भावनात्मक जुड़ाव भी नजर आया।

पर्यटन के साथ मजबूत होंगे कारोबारी रिश्ते

कार्यक्रम में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय, तमिलनाडु पर्यटन, फिक्की और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें सहायक निदेशक एस. पद्मावती, फिक्की छत्तीसगढ़ टूरिज्म कमेटी के चेयरपर्सन जसप्रीत सिंह भाटिया, फिक्की तमिलनाडु स्टेट काउंसिल के को-कन्वीनर श्रीहरन बालन और तमिलनाडु पर्यटन के निदेशक डॉ. वी.पी. जयसीलन (IAS) शामिल रहे।

चेन्नई रोड शो से छत्तीसगढ़ को दक्षिण भारतीय पर्यटन बाजार में नई पहचान मिलने के साथ पर्यटकों और पर्यटन कारोबारियों के साथ नए संपर्क विकसित होने की उम्मीद है। B2B बैठकों के जरिए बने संपर्क भविष्य में पर्यटक समूहों के छत्तीसगढ़ दौरे और पर्यटन क्षेत्र में नई व्यावसायिक साझेदारियों का आधार बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *