अब तक 1.33 लाख किसानों ने बेचा धान, 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही खरीदी रायपुर, छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान तेजी से जारी है। 27 नवंबर तक प्रदेश में 5 लाख 34 हजार 798 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। अब तक 1 लाख 33 हजार 404 किसान अपना धान बेच चुके हैं। वहीं, 27 नवंबर को एक ही दिन में 90 हजार 910 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई। राज्य सरकार द्वारा किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। चालू खरीफ सीजन के लिए प्रदेश में 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगा पूरा लाभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने किसानों को राहत देते हुए फैसला लिया है कि यदि कोई किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे कृषि उन्नति योजना के तहत पूरे 21 क्विंटल के अंतर की राशि का लाभ मिलेगा। इस फैसले से खासकर छोटे किसानों को राहत मिलेगी। 2,634 केंद्रों में हो रही धान खरीदी किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। वर्तमान में प्रदेश के 2,634 केंद्रों में धान की आवक हो रही है। किसान टोकन तुंहर हाथ ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन लेकर धान विक्रय की तारीख तय कर सकते हैं। खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, बैठने और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *