वित्त मंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री हुए समारोह में शामिल, 14 लेखकों की पुस्तकों का विमोचन और साहित्यकारों का सम्मान रायपुर, छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर रायपुर के न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हॉल में आयोजित समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। इस दौरान साहित्यकारों को सम्मानित किया गया और 14 लेखक-लेखिकाओं की पुस्तकों का विमोचन किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि स्थानीय बोली-भाषाएं हमारी सांस्कृतिक विरासत और पहचान हैं। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा उनकी मातृभाषा और स्थानीय बोली में होने से उनकी समझने की क्षमता, आत्मविश्वास और मौलिक प्रतिभा का बेहतर विकास होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों पर केवल अच्छे अंक लाने का दबाव बनाने के बजाय उनकी रचनात्मकता और स्वतंत्र सोच को बढ़ावा देना चाहिए। मातृभाषा के साथ हिंदी और अंग्रेजी में भी बनें दक्ष वित्त मंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने गांव के सरकारी स्कूल से पढ़ाई की थी। शुरुआत में वे हिंदी और छत्तीसगढ़ी मिलाकर अपने विचार लिखते थे। धीरे-धीरे अभ्यास से हिंदी और अंग्रेजी में भी दक्षता हासिल की। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा का उपयोग मजबूरी में नहीं, बल्कि गर्व और आत्मविश्वास के साथ करना चाहिए। इसके साथ ही हिंदी, अंग्रेजी और अन्य भाषाओं का ज्ञान भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में भी प्रारंभिक शिक्षा मातृभाषा और स्थानीय भाषा में देने को प्रोत्साहित किया गया है। बच्चों को स्वतंत्र रूप से सोचने, सवाल पूछने और अपनी कल्पनाओं को व्यक्त करने का अवसर मिलना चाहिए। छत्तीसगढ़ी हमारी संस्कृति और अस्मिता का हिस्सा : गजेन्द्र यादव स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, माटी और अस्मिता का अटूट हिस्सा है। राजभाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। नई पीढ़ी को अपनी भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसमें सिक्किम की विभिन्न भाषाओं में प्रकाशित समाचार पत्रों, बस्तरिया पत्र-पत्रिकाओं और छत्तीसगढ़ी साहित्य को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, संस्कृति विभाग के सचिव भारतीदासन सहित साहित्यकार, लेखक, कवि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *