91 हजार से अधिक किसानों ने बेचा धान, 360 नए खरीदी केंद्रों से मिल रही सुविधा; 3,100 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा समर्थन मूल्य रायपुर, छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी का महाभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में 26 नवंबर तक 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। इस दौरान 91 हजार 614 किसानों ने समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेची है। खास बात यह है कि 26 नवंबर को एक ही दिन में 82 हजार 746 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। प्रदेश में किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही अब कुल 2,590 केंद्रों में धान की आवक हो रही है। खरीदी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू की गई है। किसान ‘टोकन तुंहर हाथ’ एप के माध्यम से घर बैठे ही धान बेचने की तारीख तय कर सकते हैं। चालू खरीफ सीजन के लिए प्रदेश में 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, बैठने और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सरकार का दावा है कि खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के साथ किसानों को केंद्रों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी के दौरान किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए और सभी उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएं सुचारू रखी जाएं। सरकार का कहना है कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली और नए खरीदी केंद्रों के विस्तार से किसानों को धान बेचने में सहूलियत मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *