मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े करेंगी शुभारंभ, जागरूकता के लिए रवाना होगा ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’
रायपुर, छत्तीसगढ़ में बाल विवाह की रोकथाम और जन-जागरूकता के लिए 27 नवंबर से 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ शुरू किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस और ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा रायपुर में राज्य स्तरीय जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को भी रवाना किया जाएगा।
कार्यक्रम दोपहर 12 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि होंगी, जबकि कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल और राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी भी शामिल होंगे।
अभियान के जरिए बाल विवाह के दुष्परिणामों को लेकर परिवारों और समुदायों को जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों, विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य के अधिकारों की रक्षा करना है। ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ के माध्यम से लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि हर बच्चे को अपना बचपन जीने, पढ़ने और अपने भविष्य के फैसले खुद लेने का अवसर मिलना चाहिए।