ई-साक्ष्य और सीसीटीएनएस में छत्तीसगढ़ पुलिस की राष्ट्रीय रैंकिंग 26वें से 9वें स्थान पर पहुंची
रायपुर, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस और हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय समिट का आयोजन किया गया। ‘रिफॉर्म टू रियलिटी : छत्तीसगढ़ में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन का आकलन’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, न्यायविदों और विधि विशेषज्ञों ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, वैज्ञानिक विवेचना और न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक साक्ष्यों और बेहतर समन्वय से आपराधिक न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ई-साक्ष्य और क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ पुलिस ने महज तीन महीने में राष्ट्रीय स्तर पर 26वें स्थान से 9वें स्थान तक का सफर तय किया है। उन्होंने पुलिस, अभियोजन, न्यायपालिका और विधि शिक्षाविदों के बीच बेहतर तालमेल के साथ डिजिटल न्याय व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।
समिट में संविधान दिवस के अवसर पर विजय शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में बताया गया कि अब तक 35 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। विशेषज्ञों ने जीरो एफआईआर, ई-एफआईआर, डिजिटल साक्ष्य प्रबंधन और फोरेंसिक जांच जैसे विषयों पर भी विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान तीन तकनीकी सत्रों में विवेचना की गुणवत्ता, एनडीपीएस मामलों में साक्ष्य संकलन, प्रक्रियागत त्रुटियों और समयबद्ध जांच से दोषसिद्धि दर बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई। समिट में करीब 300 पुलिस अधिकारियों ने प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा लिया, जबकि यूट्यूब के माध्यम से प्रदेशभर के लगभग 35 हजार पुलिसकर्मी, अभियोजन और फोरेंसिक विभाग के अधिकारी ऑनलाइन जुड़े।