लक्ष्य से 50% अधिक हुआ निर्माण, महिलाओं और पीवीटीजी परिवारों को मछली पालन, सिंचाई और सब्जी उत्पादन से मिलेगी आय की नई राहरायपुर, छत्तीसगढ़ के गांवों में जल संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने के लिए आजीविका डबरी निर्माण अभियान को गति मिल रही है। वीबी जीरामजी योजना के तहत पिछले वर्ष 10 हजार डबरियों के लक्ष्य के मुकाबले 15 हजार डबरियों का निर्माण किया गया। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में 20 हजार के लक्ष्य के विरुद्ध ग्रामसभाओं की मांग और अनुमोदन के बाद अब तक 23 हजार से अधिक डबरियों को स्वीकृति मिल चुकी है।
इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 14 दिसंबर 2025 को की थी। इसके तहत महिलाओं और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) परिवारों की निजी भूमि पर आजीविका डबरियों का निर्माण कराया जा रहा है। डबरियों पर महिलाओं के नाम दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि उनके आर्थिक अधिकार मजबूत हों और उन्हें स्थायी आजीविका का साधन मिल सके।
मछली पालन और सिंचाई से बढ़ेगी आमदनी
आजीविका डबरियों का उपयोग केवल जल संग्रहण तक सीमित नहीं रहेगा। इनके माध्यम से मछली पालन, खेतों की सिंचाई और सब्जी उत्पादन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीण परिवारों को अतिरिक्त आय के अवसर मिलेंगे। कबीरधाम के अधरूराम बैगा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के हीरालाल बैगा, जशपुर की रजनी बाई, बलरामपुर की पुष्पा देवी और कोंडागांव की सोनादई पोयाम जैसे हितग्राही इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।
जल संरक्षण के साथ रोजगार को बढ़ावा
डबरी निर्माण से वर्षा जल संचयन और भूजल संवर्धन को बढ़ावा मिल रहा है। निर्माण कार्यों के दौरान ग्रामीण श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिल रहा है। अभियान के तहत प्रदेश में जल संबंधी क्रिटिकल विकासखंडों की संख्या शून्य हो गई है, जबकि सेमी-क्रिटिकल विकासखंड 21 से घटकर 19 रह गए हैं।
योजना में पारदर्शिता के लिए निर्मित डबरियों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। रोजगार दिवस और आवास दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को इनके माध्यम से परिसंपत्तियों की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई जा रही है। इस पहल से जल संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और जनजातीय परिवारों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को एक साथ बढ़ावा मिल रहा है।