रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने हसदेव नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर करीब 25 हाईवा रेत और चेन माउंट मशीन जब्त की है। एसडीएम चांपा शशि चौधरी, तहसीलदार प्रशांत पटेल और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम सोंठी, पिपरदा, पूछेली, खपरीडीह, बम्हनीडीह और गोविंदा में आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पूछेली, पिपरदा और बम्हनीडीह में अवैध रूप से भंडारित लगभग 25 हाईवा रेत बरामद की गई। वहीं, ग्राम पूछेली और पिपरदा में चेन माउंट मशीन होने की सूचना मिलने पर टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे भी जब्त कर लिया। इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रशासन की सख्ती सामने आई है। जिला प्रशासन द्वारा हसदेव नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *