रायपुर, छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। 23 नवंबर तक प्रदेश के 70 हजार 979 किसानों से 2 लाख 78 हजार 010 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं, 23 नवंबर को एक ही दिन में 63 हजार 74 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू की गई है, जिसके माध्यम से अब तक 5 लाख से अधिक टोकन जारी किए जा चुके हैं। इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। वर्तमान में कुल 2,461 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की प्रक्रिया संचालित हो रही है। चालू खरीफ सीजन के लिए प्रदेश के 28 लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। इससे धान खरीदी व्यवस्था में किसानों की बड़ी भागीदारी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे ही धान विक्रय के लिए अपनी तिथि निर्धारित कर सकते हैं। इससे उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ कम करने और खरीदी व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिल रही है। सरकार का लक्ष्य खरीदी सीजन के दौरान किसानों को समय पर सुविधा उपलब्ध कराना और पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखना है। इसके लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने तथा उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *