रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान भिलाई के सेक्टर-6 में 33.24 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित दुर्ग रेंज के साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन करने के साथ पुलिस नियंत्रण कक्ष में उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पोस्टर का विमोचन कर संकल्प अभियान-नशामुक्ति की शुरुआत भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए साइबर थाना भवन से दुर्ग रेंज में साइबर अपराधों की रोकथाम और विवेचना के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस थाने का क्षेत्राधिकार दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों तक रहेगा। यहां ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी और अन्य साइबर अपराधों की जांच, आरोपियों की पहचान तथा पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
पुलिस नियंत्रण कक्ष में सीएसआर मद से 15 लाख रुपये की लागत से एकलव्य प्रशिक्षण हॉल का उन्नयन किया गया है। वहीं, जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 10 लाख रुपये की लागत से परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष का निर्माण किया गया है। इन सुविधाओं से पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण के साथ पारिवारिक समस्याओं के निराकरण तथा महिलाओं और बच्चों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा के शुरू होने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को पुलिस सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। वहीं, संकल्प अभियान-नशामुक्ति के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।