नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और विकास की संभावनाओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योग, कृषि, ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों से प्रदेश में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज के प्रसंस्करण, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। जिस प्रदेश और बस्तर की चर्चा कभी नक्सलवाद के संदर्भ में होती थी, आज वही अपनी जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और विकास की संभावनाओं के लिए पहचाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल होना विशेष अवसर है। भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की बदलती तस्वीर और सांस्कृतिक विविधता को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।

कार्यक्रम में गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और मांदर-ढोल की थाप पर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को छत्तीसगढ़ के ग्रामीण जीवन, जनजातीय परंपराओं और लोक आस्था से रूबरू होने का अवसर मिला।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण भी किया। उन्होंने बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण, हथकरघा वस्त्र और वनोपज आधारित उत्पादों का अवलोकन किया। इसके अलावा कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों की जानकारी ली। पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव की भी सराहना की। समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *