भारतीय दूतावासों के साथ मिलकर आयोजित किए गए कार्यक्रम, छत्तीसगढ़ी प्रवासियों ने निभाई अहम भूमिका रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास की गूंज अब विदेशों में भी सुनाई दे रही है। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 को अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में भी उत्साह के साथ मनाया गया। नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) ने भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर इन आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अमेरिका के शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से आयोजित समारोह में NACHA के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर ने सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी संभाली। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सहित ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के संगठनों ने एक मंच पर आकर जनजातीय विरासत का उत्सव मनाया। इस दौरान NACHA के शिकागो चैप्टर अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समाज के योगदान के साथ शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान को याद किया। वहीं, भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026 मिलने पर सम्मानित किया। कनाडा के टोरंटो में भी भारतीय महावाणिज्य दूतावास के सहयोग से जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। यहां NACHA कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष और वैश्विक प्रवासी समुदाय के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने आयोजन में अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला, चित्रकला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं के जरिए भारत की विविध जनजातीय संस्कृति को प्रदर्शित किया गया। वहीं, ब्रिटेन के लंदन स्थित नेहरू सेंटर में आयोजित ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026’ में NACHA यूके के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। ह्यूस्टन में भी जनजातीय गौरव दिवस के साथ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की भावना को उत्साहपूर्वक मनाया गया। NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी ने कहा कि अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में छत्तीसगढ़ी प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधियों द्वारा भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर जनजातीय विरासत को वैश्विक पहचान दिलाना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोककलाओं और महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से है। NACHA का उद्देश्य विदेशों में बसे छत्तीसगढ़वासियों को एकजुट करना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा गौरवशाली इतिहास से जोड़ना है। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा और शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान जनजातीय नायकों के योगदान को विदेशों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। NACHA के प्रतिनिधियों ने भारतीय दूतावासों, सहयोगी संगठनों, कलाकारों और स्वयंसेवकों के सहयोग के लिए आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *