रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। मरीजों की देखभाल और जीवन की रक्षा में नर्सिंग कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। आरा में शुरू किया गया यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। 120 छात्राओं को मिलेगा ANM नर्सिंग प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस कॉलेज में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। संस्थान की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूरा हो चुका है। खास बात यह है कि लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं। कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यहां छात्राओं को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। जनजातीय गौरव दिवस पर बेटियों को मिली सौगात मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज की शुरुआत होना विशेष महत्व रखता है। उन्होंने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और बलिदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में नर्सिंग कर्मियों की अहम भूमिका मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और समृद्ध प्रदेश का आधार हैं। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब इनकी संख्या 15 से अधिक हो गई है। इस वर्ष पांच नए मेडिकल कॉलेज भी प्रारंभ किए जा रहे हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी दक्षता के साथ करुणा, संवेदनशीलता और सेवाभाव भी विकसित करें, क्योंकि एक अच्छे नर्सिंग कर्मी की पहचान केवल उसके ज्ञान से नहीं, बल्कि मरीजों के प्रति उसके व्यवहार और समर्पण से भी होती है। 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का लक्ष्य मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, अधोसंरचना और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में मिशन मोड में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी के सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है। वहीं, इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं, जिससे प्रदेश में कुल खरीदी केंद्रों की संख्या लगभग 3100 हो गई है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कॉलेज की शुरुआत पर प्रसन्नता जताई और छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी, छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनजातीय एवं वंचित वर्गों के सशक्तीकरण की दिशा में यह संस्थान महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे बेटियों को रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिलने के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को भी प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मी उपलब्ध होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *