रायपुर। विकसित भारत–जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से निमोरा स्थित ठाकुर प्यारेलाल सिंह राज्य ग्रामीण विकास संस्थान में तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला के दूसरे दिन योजना आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने अधिकारियों को आगामी 100 दिनों को महत्वपूर्ण बताते हुए स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों का निर्माण जरूरी है। उन्होंने जनभागीदारी के माध्यम से नवाचार आधारित कार्यों को प्राथमिकता देने तथा विशेष रूप से जनजातीय समुदायों, दिव्यांगजनों और एकल महिलाओं की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को आजीविका डबरी, कंटूर ट्रेंच, बालिका शौचालय और मुक्तिधाम शेड जैसे रोजगारमूलक एवं जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन और स्थायी ग्रामीण परिसंपत्तियों का विकास होगा। बीजापुर में पहली बार 84 करोड़ के कार्य स्वीकृत कार्यशाला में बीजापुर जिले के सहायक परियोजना अधिकारी ने योजना के मैदानी क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जिले में नक्सली समस्या समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति मिली है। ग्राम सभाओं से प्राप्त मांग और अनुमोदन के आधार पर प्रत्येक ग्राम पंचायत में कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप जिले में पहली बार लगभग 84 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी मिली है। 11 जिलों के अधिकारी ले रहे प्रशिक्षण तीन दिवसीय कार्यशाला में प्रदेश के 11 जिलों से आए कार्यपालन अभियंता, सहायक परियोजना अधिकारी और कार्यक्रम अधिकारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान योजना के प्रावधानों, विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान (VGPP), कार्यों के चयन एवं स्वीकृति प्रक्रिया, तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं तथा मैदानी स्तर की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। कार्यशाला का उद्देश्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, बेहतर निगरानी और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शिका, 375 प्रकार के अनुमन्य कार्यों की सूची, विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP), धार-अपार और सुघ्घर बारी पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *