छठ महापर्व को लेकर अंबिकापुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मंत्री अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ महापर्व से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

महामाया घाट और शिवधारी कॉलोनी छठ घाट का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पूजा की तैयारियों और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में घाटों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस पर्व में व्रती कठिन नियमों और अनुशासन के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना करते हैं। इसलिए घाटों पर उनकी सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां बेहतर ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *