गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर दो दिन में सुधार के निर्देश, बिना लाइसेंस मिठाई बना रहे गणपति स्वीट्स पर प्रकरण दर्ज
त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मिठाई उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में मिठाई दुकानों और निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कन्हैया स्वीट्स और गणपति स्वीट्स के खिलाफ कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान कन्हैया स्वीट्स की मिठाई निर्माण इकाई में साफ-सफाई का अभाव और अव्यवस्था मिली। निर्माण स्थल पर अनावश्यक सामग्री बेतरतीब ढंग से रखी हुई थी। इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मानते हुए जांच दल ने तत्काल मिठाई निर्माण कार्य बंद करा दिया। संचालक को दो दिन के भीतर जरूरी सुधार कर विभाग को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में सुधार नहीं होने पर खाद्य पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
वहीं, गणपति स्वीट्स की निर्माण इकाई की जांच में पता चला कि घर में बिना वैध खाद्य लाइसेंस के मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था। इस पर खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान तीन प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के कुल सात नमूने भी लिए गए। गणपति स्वीट्स से मलाई पेड़ा, मथुरा पेड़ा और बूंदी लड्डू, कन्हैया स्वीट्स से कलाकंद और बर्फी तथा किशोरी होटल से बूंदी लड्डू और बेसन लड्डू के नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्माण स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और वैध खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन के साथ ही कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण दल में अभिहित अधिकारी डी.के. देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ तिवारी और खाद्य निरीक्षक दिनेश मरकाम शामिल रहे।