ब्रेकिंग न्यूज़
भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट-2026 में छत्तीसगढ़ की नवीकरणीय ऊर्जा नीति, निवेश के अवसरों और ग्रीन एनर्जी पहलों को किया गया प्रस्तुत नई दिल्ली, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एवं एक्सपो-2026 के दौरान छत्तीसगढ़ की हरित ऊर्जा और निवेश संभावनाओं पर केंद्रित पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक में प्रदेश की नवीकरणीय ऊर्जा नीति, ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के अवसरों और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी शामिल की गई है। पुस्तक के माध्यम से छत्तीसगढ़ में स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा विकास की संभावनाओं को सामने रखा गया है। इसमें राज्य की रिन्यूएबल एनर्जी पॉलिसी, उपलब्ध संसाधनों और ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के लिए मौजूद अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य निवेशकों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को प्रदेश की नीतियों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और नवाचार के नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित करने और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना सरकार का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को समझने के इच्छुक निवेशकों के लिए उपयोगी साबित होगी। इससे छत्तीसगढ़ की नीतियों, संसाधनों और हरित ऊर्जा विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को व्यापक पहचान मिलेगी। कार्यक्रम में क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *