मुख्यमंत्री बोले- सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए सदैव याद किए जाएंगे कोर्सेवाड़ा
रायपुर, अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने उनके निधन को प्रदेश और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत नेता के योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन की सूचना से वे स्तब्ध हैं। उनका सरल व्यक्तित्व, आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा उनकी विशेष पहचान थी। वे हमेशा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और क्षेत्र के लिए किया गया योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से सभी को गहरा दुख पहुंचा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों और उनके शुभचिंतकों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।