1 नवंबर से लागू होगी नई दर, 3.85 लाख कर्मचारी और 1.50 लाख पेंशनर होंगे लाभान्वित रायपुर, दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसके बाद कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए इसकी दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी। नई दर 1 नवंबर 2026 से लागू होगी। राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लगभग 3.85 लाख शासकीय कर्मचारियों और 1.50 लाख पेंशनरों को लाभ मिलेगा। महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी से कर्मचारियों के वेतन और पेंशनरों की पेंशन में मिलने वाली राहत बढ़ेगी। इससे त्योहार के दौरान उन्हें अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी।

सरकार पर 432 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक भार

महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि के फैसले से राज्य सरकार पर लगभग 36 करोड़ रुपये प्रतिमाह और 432 करोड़ रुपये सालाना का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। सरकार ने यह निर्णय ऐसे समय में लिया है, जब प्रदेश में दीपावली की तैयारियां चल रही हैं।

मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि से कर्मचारियों और पेंशनरों के परिवारों में त्योहार की खुशियां और उल्लास बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *