रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बुधवार को बारिश से प्रभावित मुकाबले में बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ बुल्स ने सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रखी हैं, जबकि राजधानी रॉयल्स बिना कोई जीत हासिल किए टूर्नामेंट से बाहर हो गई। दिन के एक अन्य मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मैच 1-1 से ड्रॉ रहा।

राहुल यादव के गोल से बैलाडिला बुल्स को मिली जीत

बारिश के कारण करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुए मुकाबले में बैलाडिला बुल्स ने शुरुआती मिनटों में ही बढ़त बना ली। सर्कल में मिले मौके का फायदा उठाते हुए राहुल यादव ने जोरदार शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। पूरे 60 मिनट के खेल में यही एकमात्र गोल साबित हुआ। खराब मौसम और गीले मैदान के बावजूद दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन खिलाड़ियों को अपनी रणनीति के अनुसार खेलने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मैच के दौरान बैलाडिला बुल्स के गोपाल पैकरा ने भी गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचाया, लेकिन अंपायर ने गोल को अमान्य करार दिया। वहीं, जसकरण को मिले पेनल्टी कॉर्नर के मौकों का टीम फायदा नहीं उठा सकी। मैदान में पानी भरने के कारण गेंद की गति प्रभावित हुई और खिलाड़ियों के पास भी सटीक तरीके से आगे बढ़ने के सीमित अवसर रहे। पहले हाफ के अंत तक बुल्स 1-0 से आगे थी और अंतिम सीटी तक अपनी बढ़त कायम रखने में सफल रही। राजधानी रॉयल्स के लिए पेनल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं कर पाना भी हार का एक प्रमुख कारण रहा। पूरे मुकाबले में टीम बराबरी का गोल तलाशती रही, लेकिन बुल्स के डिफेंस को भेदने में सफल नहीं हो सकी। मैच में हिमांशु को प्लेयर ऑफ द मैच और राहुल यादव को स्ट्राइकर ऑफ द मैच चुना गया।

न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मुकाबला 1-1 से ड्रॉ

दिन के दूसरे मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों का मुकाबला 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ। न्यायधानी नाइट्स की ओर से केतन ने दूसरे क्वार्टर में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि चौथे क्वार्टर में मोहित नायक ने गोल करके मैनपाट टाइटन्स की वापसी कराई। इस परिणाम के बाद टाइटन्स को सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए अगले मुकाबले का इंतजार करना होगा। दूसरे क्वार्टर के अंतिम हिस्से में केतन ने रिबाउंड पर मिली गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर न्यायधानी नाइट्स को 1-0 की बढ़त दिलाई। यह टूर्नामेंट में उनका छठा गोल रहा। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में नाइट्स के डिफेंस ने मैनपाट की फॉरवर्ड लाइन को गोल करने का मौका नहीं दिया और स्कोर 1-0 बना रहा। चौथे क्वार्टर में मैनपाट टाइटन्स ने आक्रमण तेज किया और अधिक खिलाड़ियों को आगे बढ़ाया। इसका फायदा टीम को मिला और मोहित नायक ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। मैच में केतन को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और मोहित नायक को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैनपाट टाइटन्स के पास 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के खिलाफ मुकाबले में सेमीफाइनल में जगह बनाने का अवसर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *