पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हवाई करतब, दो महिला पायलट भी होंगी शामिलरायपुर,छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर अपनी सटीक उड़ान, सामूहिक समन्वय और रोमांचक हवाई करतबों से दर्शकों को आकर्षित करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सारंग टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उसकी भागीदारी को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को भारतीय वायु सेना के शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना से परिचित कराने के साथ उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंग टीम के प्रदर्शन में पायलटों का कठिन प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और आपसी तालमेल दिखाई देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि एयर शो से विद्यार्थियों और युवाओं को विमानन, विज्ञान, तकनीक और रक्षा सेवाओं के क्षेत्र में करियर बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
दो महिला पायलट भी दिखाएंगी हुनर
सारंग टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने महिला पायलटों की सहभागिता को प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि रक्षा और विमानन जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी यह संदेश देती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से होगा प्रदर्शन
सारंग टीम भारत में विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ के माध्यम से अपने हवाई करतबों के लिए जानी जाती है। टीम के पांच हेलीकॉप्टर आसमान में अलग-अलग संरचनाओं और समन्वित उड़ानों का प्रदर्शन करेंगे। यह एयर शो भारतीय वायु सेना की पेशेवर दक्षता और देश की स्वदेशी विमानन तकनीक को प्रदर्शित करने का अवसर होगा।
सारंग टीम के सदस्यों ने राज्योत्सव में शामिल होने पर प्रसन्नता जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और देशसेवा के प्रति सम्मान को मजबूत करते हैं। एयर शो राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा।