12 खेलों में दिखेगा दमखम, 15 से 20 नवंबर तक प्रस्तावित संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं
रायपुर, छत्तीसगढ़ में दूसरी बार आयोजित हो रहे सरगुजा ओलंपिक को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सरगुजा संभाग के छह जिलों से कुल 4 लाख 16 हजार 813 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें 2 लाख 42 हजार 929 महिला और 1 लाख 73 हजार 884 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। सभी जिलों में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं पूरी हो चुकी हैं। अब खिलाड़ी जिला स्तरीय मुकाबलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की पहल पर शुरू किए गए इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना और उनकी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। प्रतियोगिताएं विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित की जा रही हैं।
सूरजपुर में सबसे ज्यादा पंजीयन
पंजीयन के मामले में सूरजपुर जिला सबसे आगे है। यहां से 99 हजार 322 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेने के लिए पंजीयन कराया है। इसके अलावा बलरामपुर-रामानुजगंज से 91 हजार 995, सरगुजा से 90 हजार 116, जशपुर से 74 हजार 809, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से 33 हजार 676 और कोरिया से 26 हजार 895 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।
नवंबर में होंगे जिला और संभाग स्तर के मुकाबले
सभी छह जिलों में 1 से 10 अक्टूबर के बीच विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। अब विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर मुकाबला करेंगे। जशपुर में 29 और 30 अक्टूबर को, सरगुजा, कोरिया और बलरामपुर-रामानुजगंज में 3 से 5 नवंबर तक तथा सूरजपुर में 4 और 5 नवंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं निर्धारित हैं। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में जिला स्तरीय मुकाबले पूरे हो चुके हैं। हॉकी और कुश्ती की स्पर्धाएं सीधे जिला स्तर पर आयोजित की जा रही हैं।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 15 से 20 नवंबर के बीच प्रस्तावित हैं। इनमें छह जिलों के विजेता खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
12 खेल विधाओं में मिलेगा मौका
सरगुजा ओलंपिक में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी सहित 12 खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर वर्ग में हो रही हैं। जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जबकि सीनियर वर्ग में महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए आयु सीमा निर्धारित नहीं है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने नागरिकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिताओं में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।