रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हरा दिया। गुरुवार को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की टीम ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की टीम को शिकस्त दी। केतन कुशवाहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्ट्राइकर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।

चिराग और केतन ने दागे गोल

मुकाबले के 12वें मिनट में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर न्यायधानी नाइट्स को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने मैदानी गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। राजधानी रॉयल्स ने वापसी की कोशिश की, लेकिन न्यायधानी नाइट्स की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसे लगातार मुश्किलों का सामना करना पड़ा। राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने एकमात्र गोल किया, लेकिन टीम हार टालने में सफल नहीं रही।

महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस की बड़ी जीत

महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया। टीम की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल दागे, जबकि लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने एक-एक गोल किया। महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया। गेंद पर बेहतर नियंत्रण और आक्रामक खेल की बदौलत इंद्रावती टाइग्रेस ने मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा।

शुक्रवार को होंगे दो मुकाबले

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को रायपुर के इसी स्टेडियम में दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स के बीच होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीमें आमने-सामने होंगी।

1 नवंबर तक चलेगी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग

छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित प्रदेश की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक टीम में छत्तीसगढ़ के 18 और राज्य के बाहर के चार खिलाड़ी शामिल हैं। लीग का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव देना और उन्हें राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *