राजनांदगांव। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने राजनांदगांव में विभागीय निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए पुराने और लंबित कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बारिश के कारण रुके निर्माण कार्यों को जल्द शुरू कर गति बढ़ाने तथा सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
लापरवाह ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
समीक्षा बैठक में सचिव ने सड़कों, पुल-पुलियों और भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गुणवत्ताहीन काम करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
सड़क और भवन निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर
मुकेश बंसल ने सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्यों में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का जल्द निराकरण करने तथा भवनों के निर्माण, मरम्मत और संधारण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा।
दीपावली से पहले श्रमिकों को मिलेगी मजदूरी
बैठक में सचिव ने निर्माण कार्यों में लगे सभी श्रमिकों को दीपावली से पहले मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजदूरी भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को भुगतान की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
सचिव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के कार्य सीधे नागरिकों की सुविधाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े हैं। इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करते हुए परियोजनाओं को समय पर पूरा करें। बैठक में कलेक्टर जितेंद्र यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।