रायपुर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ आगमन पर स्वामी विवेकानंद विमानतल, रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका आत्मीय स्वागत किया। राष्ट्रपति के आगमन पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से उनका हार्दिक अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ में राष्ट्रपति का स्वागत करना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने राष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ प्रवास को राज्य के लिए विशेष अवसर बताते हुए उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की सहभागिता छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उनकी उपस्थिति से प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक विरासत और गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा छत्तीसगढ़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और जनजातीय परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक है। वहीं, मुरिया दरबार जनजातीय समाज की परंपराओं और सामुदायिक सहभागिता को दर्शाता है। राष्ट्रपति की सहभागिता से इन परंपराओं के महत्व को और अधिक मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति के आगमन और सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी सहभागिता से प्रदेश की जनजातीय विरासत को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही, विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *