रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज आरंग विकासखंड स्थित भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा गुरु घासीदास के सत्य, अहिंसा, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास का संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। राज्य सरकार सतनामी समाज सहित सभी वर्गों के सम्मान, सशक्तीकरण और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली स्थित कोचिंग संस्थान में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मोहंदी-अड़सेना मार्ग का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, नरदहा में आंतरिक सड़क निर्माण तथा छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग का डामर नवीनीकरण शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन बेहतर होगा और गांवों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने चार विकास कार्यों की भी घोषणा की। इनमें खमतराई में हाई स्कूल भवन के लिए 75 लाख रुपये, आरंग के ओड़का में प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये, मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये और चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय भवन के लिए 85 लाख रुपये शामिल हैं। इसके साथ ही अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे।
तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सतनामी समाज निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। धर्मगुरु बालदास साहेब ने समाज के लोगों से बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू, विधायक रोहित साहू सहित जनप्रतिनिधि, संतगण, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।