कवर्धा। राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत, सशक्त भारत’ का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय बाइक रैली का कबीरधाम में स्वागत किया गया। पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स का सम्मान किया और रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय के तत्वावधान में ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर आयोजित यह अभियान राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाला जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके योगदान से देश की एकता और अखंडता को मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि यह बाइक रैली केवल यात्रा नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में जोड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करने का अभियान है। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर जोर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने के लिए नागरिकों के बीच आपसी सहयोग और साझा जिम्मेदारी जरूरी है। उन्होंने बस्तर में नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए सुरक्षा बलों, पुलिस, प्रशासन और अन्य एजेंसियों के प्रयासों की चर्चा की। उन्होंने देश की सुरक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों को नमन करते हुए कहा कि स्थायी शांति के साथ शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसर उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों तक पहुंचेगा अभियान राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह बाइक रैली देश के 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों में राष्ट्रीय एकता एवं नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के अभियान का हिस्सा है। इसे उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व के चार जोन में विभाजित किया गया है। मध्य जोन की रैली में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से रवाना हुई रैली 16 अक्टूबर को महासमुंद होते हुए रायपुर पहुंची थी। इसके बाद बलौदाबाजार-भाटापारा और बेमेतरा से होते हुए 18 अक्टूबर को कबीरधाम पहुंची। पुलिस बाइक राइडर्स का सम्मान, मध्यप्रदेश के लिए रवाना हुई रैली समारोह में विजय शर्मा ने ओडिशा पुलिस के बाइक रैली दल के लीडर समर सिंह और उनके साथियों तथा छत्तीसगढ़ पुलिस के दल के लीडर रविन्द्र गिरी एवं अन्य राइडर्स को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश के लिए रवाना किया। कबीरधाम पुलिस की टीम भी बाइक राइडर्स के साथ जिले की सीमा धवईपानी तक गई। रैली आगे जबलपुर, भोपाल और इंदौर होते हुए 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी, जहां सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर अभियान का समापन निर्धारित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *