कबीरधाम : कबीरधाम जिले के तीन गांवों में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 1 करोड़ 55 लाख 67 हजार रुपये की लागत से गौरव पथ का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नवरात्रि के अवसर पर ग्राम सारंगपुर कला, कारेसरा और मड़मड़ा में इन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने सारंगपुर कला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड बनाने की घोषणा भी की।

तीनों गांवों में अलग-अलग राशि से गौरव पथ का निर्माण होगा। सारंगपुर कला में 47.85 लाख रुपये, कारेसरा में 59.63 लाख रुपये और मड़मड़ा में 48.19 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ गांवों की सड़क व्यवस्था भी बेहतर होगी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

भूमिपूजन कार्यक्रम में विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कें ऐसी बननी चाहिए, जो लंबे समय तक टिकें और ग्रामीणों को परेशानी न हो। उन्होंने ग्राम बंदौरा की सड़क का उदाहरण देते हुए बताया कि खराब निर्माण की शिकायत मिलने पर सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाने के निर्देश दिए गए थे और अगले ही दिन कार्रवाई शुरू हो गई थी।

उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से भी निर्माण कार्यों पर नजर रखने और किसी तरह की कमी मिलने पर इसकी जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव की सड़कों का सबसे अधिक उपयोग स्थानीय लोग ही करते हैं, इसलिए उनकी भागीदारी से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है।

जमीन पर बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनते नजर आए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी दौरान सारंगपुर कला में सीसी रोड निर्माण के लिए 5.20 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।

विजय शर्मा ने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 12 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए सर्वे सूची के अनुसार आगे की प्रक्रिया जारी रहेगी।

बस्तर में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर

बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सफलता मिली है। बस्तर में पेड़ों की कटाई और बड़ी खनन परियोजनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने लोगों से वास्तविक स्थिति जानने की अपील की। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *