मुंगेली जिले के खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं, क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत जारी हुआ आदेश रायपुर, मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड के लछनपुर में मल्टी-परपस इंडोर हॉल के निर्माण के लिए राज्य शासन ने 4 करोड़ 99 लाख 82 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत यह मंजूरी दी है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद शासन ने प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया है। लगभग एक एकड़ क्षेत्र में इस इंडोर हॉल का निर्माण किया जाएगा। लछनपुर में बनने वाले इस मल्टी-परपस इंडोर हॉल में वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी और मार्शल आर्ट सहित विभिन्न खेलों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी। साथ ही, स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी करने का अवसर मिलेगा। इस इंडोर हॉल के निर्माण से मुंगेली जिले और आसपास के क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विभिन्न खेलों के लिए एक ही परिसर में सुविधाएं विकसित होने से खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। इसके अलावा, स्थानीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं और आयोजनों के संचालन में भी यह परिसर उपयोगी साबित होगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्य में उपयोग की जाने वाली सामग्री और पूरे निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कार्य के किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *