रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 25 वर्षों की यात्रा देश के लिए प्रेरणादायी है। राज्य सरकार भी इसी सोच के साथ गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में बदलाव लाने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री रायपुर में एशियन न्यूज द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प कॉन्क्लेव’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, देश में हुए बदलाव और छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर सरकार की योजनाओं पर बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और देश आर्थिक प्रगति के नए मुकाम हासिल कर रहा है।

नक्सलवाद के कमजोर पड़ने से बस्तर में बढ़े विकास के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद छत्तीसगढ़, खासकर बस्तर के विकास में बड़ी बाधा बना रहा। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय तथा सुरक्षाबलों के प्रयासों से अब बस्तर में शांति और विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं। जिन इलाकों में पहले बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना मुश्किल था, वहां सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनके लिए रोजगार और समृद्धि के नए रास्ते तैयार किए जाएं।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। इन संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर उद्योगों को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर पैदा करने और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार करने पर जोर दिया जा रहा है। शासन की प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए डिजिटलीकरण को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

महतारी वंदन से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक सहारा

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके जरिए प्रदेश की पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की 32वीं किस्त हाल ही में जारी की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतों, बचत और छोटे कारोबार के लिए कर रही हैं। कुछ महिलाएं इस पैसे से सिलाई मशीन जैसे आजीविका के साधन खरीदकर अतिरिक्त आमदनी भी अर्जित कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं का आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत करना भी है। महिलाओं को परिवार और समाज में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

किसानों के लिए 3100 रुपये में धान खरीदी का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि के बिना प्रदेश की आर्थिक तरक्की संभव नहीं है। राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है। उन्होंने दो वर्षों का लंबित बोनस देने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई परियोजनाएं स्वीकृत किए जाने का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को खेती के लिए जरूरी संसाधन समय पर मिलें और कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।

गरीबों के पक्के मकान और बुनियादी सुविधाओं पर जोर

साय ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का मकान और जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख जिम्मेदारी है। छत्तीसगढ़ में सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी देने का निर्णय लिया गया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को केंद्र में रखकर योजनाएं लागू की जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी संजू देवी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और विशिष्टजनों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और एशियन न्यूज के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *