रायपुर,छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में सर्वे की प्रगति, भूमि अभिलेखों की स्थिति और फसलों के वास्तविक रिकॉर्ड तैयार करने की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि खेतों में बोई गई फसलों की सही जानकारी डिजिटल रूप में दर्ज की जाए और संबंधित खसरों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। मुख्य सचिव ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की गुणवत्ता जांचने के लिए राज्य स्तर पर टीम गठित कर विभिन्न जिलों में फील्ड वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए। सर्वे में दर्ज जानकारी का मौके पर सत्यापन कर सही और त्रुटिपूर्ण रिकॉर्ड की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। साथ ही डिजिटल सर्वे के आंकड़ों का धान की खेती, किसान पंजीयन और धान उपार्जन के आंकड़ों से मिलान कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। बैठक में नक्शों की अनुपलब्धता और तकनीकी समस्याओं के कारण सर्वे कार्य प्रभावित नहीं होने देने पर जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग को नक्शों की त्रुटियां दूर करने, भूमि अभिलेखों को अद्यतन करने और आवश्यकतानुसार तकनीकी समाधान विकसित करने के निर्देश दिए। जिन मामलों में भौतिक सत्यापन और पॉलीगॉन तैयार करना जरूरी है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाएगा। मुख्य सचिव ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को कलेक्टरों के साथ बैठक कर सर्वे की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने सभी जिलों में समयबद्ध तरीके से कमियां दूर करने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर काम पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की सचिव रीना बाबा साहब कंगाले, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *