जशपुर, सेवा संकल्प अभियान के तहत जशपुर के रणजीता स्टेडियम में डिजिटल इंडिया की थीम पर तैयार विशाल रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। रंगों और दीपों से सजी इस रंगोली में डिजिटल कनेक्टिविटी, ई-गवर्नेंस, तकनीकी सशक्तिकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश भी खूबसूरती से उकेरा गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्टेडियम पहुंचकर रंगोली का अवलोकन किया और उसके चारों ओर दीप प्रज्वलित किए। दीपों की रोशनी में जगमगाती रंगोली ने डिजिटल भारत की बदलती तस्वीर को और प्रभावशाली बना दिया। कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत भी मौजूद रहीं। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया ने विकास और सुशासन को नई गति दी है। डिजिटल तकनीक के विस्तार से सरकारी सेवाएं लोगों की पहुंच में आई हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग समेत कई क्षेत्रों में सेवाएं पहले से ज्यादा आसान हुई हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी सिर्फ तकनीकी विकास नहीं, बल्कि देश के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का माध्यम भी है।

रंगोली में दिखी डिजिटल भारत की तस्वीर

रंगोली के केंद्र में बड़े अक्षरों में ‘डिजिटल इंडिया’ का संदेश उकेरा गया था। इसके ऊपर बना वाई-फाई का चिन्ह देश में बढ़ती इंटरनेट कनेक्टिविटी को दर्शा रहा था। कंप्यूटर, क्लाउड और मोबाइल फोन की आकृतियों के जरिए ऑनलाइन सेवाओं और आधुनिक तकनीक को दिखाया गया। वहीं सरकारी भवन की आकृति के माध्यम से ई-गवर्नेंस और नागरिकों तक डिजिटल माध्यम से पहुंच रही सरकारी सेवाओं का संदेश दिया गया। भारत के नक्शे को दोनों हाथों से थामे हुए चित्र ने तकनीक से सशक्त होते भारत और नागरिकों को विकास से जोड़ने की भावना को सामने रखा। नक्शे के भीतर बनी डिजिटल लाइनें देश के अलग-अलग हिस्सों को तकनीक और संचार से जोड़ने का प्रतीक बनीं। रंगोली में पौधे और हरी पत्तियों की आकृति के जरिए यह भी संदेश दिया गया कि तकनीकी और आर्थिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को भी प्राथमिकता देना जरूरी है।

‘कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया’ का संदेश

रंगोली के नीचे लिखा ‘कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया’ डिजिटल रूप से जुड़े नागरिकों के जरिए मजबूत भारत की परिकल्पना को दर्शाता रहा। रंगोली के चारों ओर जलाए गए दीप भारतीय संस्कृति, ज्ञान और सकारात्मकता के प्रतीक बने। रंगों और दीपों के इस संगम के जरिए डिजिटल जागरूकता बढ़ाने, डिजिटल दूरी कम करने और तकनीक के माध्यम से नए अवसरों तक पहुंच बनाने का संदेश दिया गया। एक ही कलाकृति में डिजिटल कनेक्टिविटी, सुशासन, ई-गवर्नेंस, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *