रायपुर, राजधानी रायपुर में बुधवार को नशामुक्ति पदयात्रा का आयोजन किया गया। देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक निकली इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं और नागरिकों ने पदयात्रा में हिस्सा लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। समापन पर मुख्यमंत्री ने लाल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार और समाज भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से खुद नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को नशे से बचाकर शिक्षा, कौशल, रोजगार, खेल और उद्यमिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएंगे तो प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह

सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश में नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने संयम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया था। ऐसे में नशामुक्ति अभियान उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी है। मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश में आयोजित विभिन्न जनसेवा गतिविधियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है। युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए भी कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

युवाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार करने पर काम कर रही है। नई औद्योगिक नीति के जरिए निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर बढ़ने की बात उन्होंने कही। उन्होंने बस्तर के युवाओं को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में शांति और विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर काम हो रहा है।

27 साल से जारी पदयात्रा की सराहना

मुख्यमंत्री साय ने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक मुद्दों को लेकर पदयात्रा आयोजित किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संभव होता है। मुख्यमंत्री ने पदयात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं और युवाओं से नशामुक्ति का संदेश अपने परिवार, दोस्तों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा और जागरूक समाज मिलकर स्वस्थ एवं सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित विभिन्न आयोगों और निगमों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *