रायपुर, भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ‘प्रगति-50’ (PRAGATI-50) योजना में छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर को शामिल किया गया है। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए योजना का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों नगर निगमों, स्वच्छता मित्रों और शहरवासियों को बधाई दी।   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई ‘प्रगति’ बैठक के निर्देशों के तहत शुरू की गई यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत चयनित 50 शहरों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने पर केंद्रित है। योजना के तहत रायपुर और बिलासपुर को केंद्र सरकार की ओर से विशेष तकनीकी सहयोग, सतत मार्गदर्शन और नियमित निगरानी मिलेगी। साथ ही बेहतर कार्य-पद्धतियों को अपनाने में भी सहयोग दिया जाएगा।   ‘प्रगति-50’ के तहत घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के वैज्ञानिक पृथक्करण एवं प्रसंस्करण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा। इसके साथ सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं में सुधार, उपयोग किए गए जल के उपचार और पुन: उपयोग तथा जल प्रबंधन को भी प्राथमिकता दी जाएगी। शहरों के प्रदर्शन की निर्धारित संकेतकों के आधार पर नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग की जाएगी।   रायपुर और बिलासपुर का चयन राज्य में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करेगा। दोनों शहरों में स्वच्छता मित्रों की भूमिका और नागरिकों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण माना गया है। योजना के माध्यम से दोनों नगर निगमों को राष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ कार्य-पद्धतियां अपनाने का अवसर मिलेगा।   उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रायपुर और बिलासपुर का ‘प्रगति-50’ में चयन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के तकनीकी सहयोग से दोनों शहरों में स्वच्छता और नागरिक सेवाओं को और बेहतर किया जाएगा। दोनों शहरों में विकसित होने वाले अनुभव और नवाचार प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी मॉडल बन सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *