छत्तीसगढ़ प्रदेश लोक कलाकार कल्याण संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

रायपुर,  छत्तीसगढ़ प्रदेश लोक कलाकार कल्याण संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने लोक कलाकारों के लिए स्टूडियो निर्माण की दिशा में सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि स्टूडियो की सुविधा मिलने से कलाकारों को अपनी कला के अभ्यास, प्रशिक्षण, रिकॉर्डिंग और प्रस्तुतियों की तैयारी के लिए बेहतर जगह मिल सकेगी।

विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी लोक कला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी है। यहां के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोक कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए कलाकारों को जरूरी सुविधाएं और बेहतर अवसर मिलना जरूरी है।

समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने और छत्तीसगढ़ की लोक कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, मनीराम साहू, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, बड़ी संख्या में लोक कलाकार और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *