CM साय ने 21 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और जनसुविधाओं से जुड़े कई प्रोजेक्ट शामिल

रायपुर,  मुंगेली जिले के मदकू में शुक्रवार को विकास कार्यों और जनसेवा से जुड़ा बड़ा आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यहां 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की लागत के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, खेल और स्थानीय सुविधाओं से जुड़ी कई घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आंगन मिलन सेवा, रक्तदान और नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में भी शामिल हुए। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर लोगों से जांच सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की और रक्तदान करने वाले सेवाभावियों की सराहना की।

सरगांव में ट्रॉमा सेंटर, मदकू में इको टूरिज्म सेंटर

मुख्यमंत्री ने सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की घोषणा की। पिपरडोल और लमती की प्राथमिक शालाओं को मिडिल स्कूल में उन्नत करने का भी ऐलान किया गया। इसके अलावा मदकू द्वीप में 75 लाख रुपये की लागत से इको टूरिज्म सेंटर विकसित करने की घोषणा हुई।

ताला महोत्सव और मदकू द्वीप उत्सव के लिए 15-15 लाख रुपये, पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई। भाटापारा में इनडोर स्टेडियम और क्षेत्र के 10 गांवों में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड बनाने का प्रस्ताव भी सामने आया।

आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के शुरुआती वर्षों में पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल पर विशेष ध्यान जरूरी है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इनके जरिए स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं गांवों तक पहुंच रही हैं।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से रक्तचाप, मधुमेह और एनीमिया जैसी स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर जांच कराने की अपील की। उन्होंने महिलाओं से परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपने स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

21 विकास कार्यों में सड़क और स्वास्थ्य अधोसंरचना भी शामिल

मुख्यमंत्री ने 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपये के नए कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों में लोरमी, मुंगेली और बिल्हा क्षेत्र से जुड़े सड़क, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और अन्य जनसुविधाओं के प्रोजेक्ट शामिल हैं।

इसके अलावा मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन, चंदखुरी की कोर बस्ती में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये और मदकू में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की गई।

मदकू की विरासत और पर्यटन को जोड़ने पर फोकस

मुख्यमंत्री ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की विरासत को संरक्षित करने के साथ पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इको टूरिज्म सेंटर जैसी पहल से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी विकसित करने की बात कही गई।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, मंत्री दयाल दास बघेल, लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *