रायपुर,  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में तीन दिवसीय इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का शुभारंभ किया। लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित इस औद्योगिक मेले में देशभर से 300 से अधिक एमएसएमई उद्यमी, निवेशक और औद्योगिक प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पारंपरिक उद्योगों के साथ अब नई अर्थव्यवस्था और भविष्य के उद्योगों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आईटी, सेमीकंडक्टर, फार्मा, टेक्सटाइल और ग्रीन एनर्जी जैसे नए सेक्टरों पर राज्य सरकार का विशेष फोकस है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के जरिए निवेश को बढ़ावा देने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार निवेशकों के लिए सहयोगी और ‘एक्सीलरेटर’ की भूमिका निभा रही है, ताकि उद्योगों की स्थापना की प्रक्रिया आसान और समयबद्ध हो।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब 1100 करोड़ रुपये की सेमीकंडक्टर परियोजना पर काम शुरू हो चुका है। वहीं नवा रायपुर को आधुनिक टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम जारी है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की खनिज, ऊर्जा और वन संपदा प्रदेश की बड़ी ताकत हैं। इन संसाधनों का स्थानीय स्तर पर वैल्यू एडिशन कर उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। औद्योगिक विकास में स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाना भी सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने मेले में लगाए गए विभिन्न औद्योगिक स्टॉलों का अवलोकन किया और उद्यमियों से उनके उत्पादों, तकनीक और नवाचारों की जानकारी ली। उन्होंने देशभर से आए उद्यमियों को छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *