बिलासपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को बिलासपुर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। शाम 7 बजे जिलेभर में करीब 10 लाख दीप एक साथ जलाए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में होगा, जहां उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में 1 लाख 25 हजार दीये प्रज्वलित किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर में बड़े स्तर पर दीप प्रज्वलन की तैयारी की गई है।
धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल भी जगमगाएंगे
‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत जिले के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान और ताला में 1,100-1,100 तथा मल्हार में 11 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
इसके अलावा जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में हर घर में दीप जलाने की तैयारी है। प्रशासन ने सभी गांवों में भी 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की व्यवस्था की है।
44 ग्राम पंचायतों में घर-घर जलेंगे दीये
बिल्हा विकासखंड की चयनित ग्राम पंचायतों में बैमा, कोरबी, लिमतरी, भटगांव, परसदा भ., सरवनदेवरी, उच्चभट्ठी, धमनी, अकलतरी और देवकिरारी शामिल हैं।
कोटा विकासखंड में नवागांव सल्का, अमाली, नगोई, खोंगसरा, बेलगहना, बानाबेल, पटैता, खैरझिट्टी, खरगहनी, मोहदा, बरद्वार और अमने में हर घर में दीप जलाए जाएंगे।
मस्तुरी विकासखंड के दर्रीघाट, सीपत, परसदावेद, बेलटुकरी, बिटकुला, खम्हरिया, गतौरा, पंधी, जोंधरा और गोपालपुर तथा तखतपुर विकासखंड के लोखंडी, बोड़सरा, बिनौरी, खपरी, घुटकू, अमसेना, खरकेना, कोड़ापुरी, विजयपुर, गनियारी, छतौना और खजुरीनवागांव में भी घर-घर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
सरकारी भवनों से लेकर बांध-बैराज तक दीपों से सजेंगे
शाम 7 बजे जिले के शासकीय भवनों, स्कूलों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में भी दीप जलाए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप प्रज्वलित होंगे।
महिला स्वसहायता समूहों की सदस्य कार्यक्रम में सहयोग करेंगी। वहीं जल जन सेवा संकल्प के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकट और नहर शीर्षों पर भी दीप जलाए जाएंगे।