रायपुर : श्रम के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले श्रमिकों और संस्थाओं को अब उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ श्रम विभाग ने स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार 2025-26 के लिए आवेदन मंगाए हैं। पुरस्कार के तहत चयनित श्रमिक या संस्था को 2 लाख रुपये की राशि के साथ प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

यह पुरस्कार ऐसे श्रमिकों और संस्थाओं को दिया जाएगा, जिन्होंने 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच श्रम क्षेत्र में उल्लेखनीय या उत्कृष्ट कार्य किया है। खासतौर पर कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर किए गए प्रभावी प्रयासों को प्राथमिकता दी जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने वालों को प्राथमिकता

पुरस्कार के लिए उन प्रयासों को भी अहम माना जाएगा, जिनसे कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित माहौल तैयार करने में मदद मिली हो। ऐसे श्रमिक या संस्थाएं, जिन्होंने सुरक्षा नियमों के प्रचार-प्रसार के साथ कर्मचारियों के लिए बेहतर और सुरक्षित कार्य वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, आवेदन कर सकते हैं।

इसके अलावा श्रम क्षेत्र में ऐसा उल्लेखनीय काम, जिससे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर सामने आया हो, उसे भी पुरस्कार के लिए विचार में लिया जाएगा।

5 अक्टूबर तक करना होगा आवेदन

इच्छुक श्रमिक और संस्थाएं 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। तय तारीख के बाद मिलने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

आवेदन श्रम विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। पुरस्कार से जुड़े नियम, पात्रता की शर्तें, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी प्रपत्र भी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल

श्रम यशस्वी पुरस्कार के जरिए श्रम क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालों को पहचान देने के साथ ही कार्यस्थलों पर सुरक्षा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इससे श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित कार्य वातावरण को लेकर किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *