रायपुर : भगवान विश्वकर्मा जयंती के मौके पर 17 सितंबर को राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में दोपहर 12 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन करेंगे।

महासम्मेलन में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे श्रमिकों की भूमिका और उनके योगदान को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा। निर्माण, उद्योग, कृषि, सेवा समेत कई क्षेत्रों से जुड़े श्रमिक प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम इसी श्रम शक्ति के सम्मान को समर्पित रहेगा।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मंत्री रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, गजेन्द्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब, राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, डॉ. रामप्रताप सिंह, योगेश दत्त मिश्रा और किशोर महानंद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रहेगी।

महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल भी महासम्मेलन में शामिल होंगे।

श्रमिकों के योगदान को मिलेगा मंच

भगवान विश्वकर्मा जयंती को श्रम, कौशल, निर्माण और सृजन से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में महासम्मेलन के जरिए श्रमिकों की मेहनत और उनके कौशल को सम्मान देने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के विकास में श्रमिकों की भूमिका को रेखांकित करने के साथ उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।

राजधानी में होने वाले इस राज्य स्तरीय आयोजन में बड़ी संख्या में श्रमिकों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *