रायपुर : भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 33.64 लाख रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। SECL के CSR मद से स्वीकृत इन कार्यों में यात्री प्रतीक्षालय, सीसी रोड, आरसीसी स्लैब पुलिया और स्कूल में बाउंड्रीवॉल का निर्माण शामिल है। महिला एवं बाल विकास मंत्री और भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से इन कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है।

ग्रामीणों और यात्रियों की सुविधा के लिए क्षेत्र में चार यात्री प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे। लटोरी बस स्टैंड में 4.91 लाख रुपए, करवां के पड़कीपारा चौक में 4.85 लाख रुपए, बतरा के नवापारा चौक में 4.68 लाख रुपए और खोपा के मुख्य चौक में 4.68 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इससे यात्रियों को धूप और बारिश के दौरान बैठने की सुविधा मिलेगी।

इसी तरह धरमपुर के सरनापारा में बंधन घर से चंदेल घर तक 4.66 लाख रुपए की लागत से पक्की सीसी रोड बनाई जाएगी। बुंदिया के सरनापारा में इंदर कुजूर के घर के पास 4.89 लाख रुपए से आरसीसी स्लैब पुलिया का निर्माण होगा। इन दोनों कामों से ग्रामीणों के रोजमर्रा के आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

रजकिशोरनगर स्थित प्राथमिक शाला में भी 4.97 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी। स्कूल परिसर में बाउंड्रीवॉल बनने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और विद्यार्थियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में सड़क, पुलिया, यात्री सुविधाओं और स्कूल जैसी जरूरी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जरूरत के हिसाब से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है और आने वाले समय में भी क्षेत्र में ऐसे काम जारी रहेंगे।

इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन के साथ-साथ सार्वजनिक सुविधाओं और शैक्षणिक अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *