रायपुर : छत्तीसगढ़ अब सिर्फ क्रिकेट और पारंपरिक खेलों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रोफेशनल गोल्फ में भी अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है। नवा रायपुर में ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ के आयोजन के साथ प्रदेश को देश-दुनिया के गोल्फ मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और खुद गोल्फ खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे।

नवा रायपुर के फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में आयोजित प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री साय ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि इतना बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने भरोसा जताया कि नवा रायपुर ओपन आने वाले समय में प्रदेश की नई पहचान बनेगा और छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन में शामिल होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय गोल्फ को सीमित वर्ग का खेल माना जाता था, लेकिन अब इसकी पहुंच लगातार बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ में भी इस खेल के लिए संभावनाएं तेजी से बन रही हैं। सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने, जरूरी सुविधाएं विकसित करने और बड़े टूर्नामेंट आयोजित कराने में हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को मंच देने के साथ प्रदेश में खेल पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देते हैं।

साय ने प्रदेश में खेल अधोसंरचना और प्रतिभाओं को मिल रहे अवसरों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के जरिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स के साथ अब गोल्फ को भी प्रदेश की खेल संस्कृति में मजबूत जगह देने की कोशिश हो रही है। बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

प्रतियोगिता में पहुंचे खिलाड़ियों से मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को खेल के साथ पर्यटन की नजर से भी देखने की अपील की। उन्होंने खिलाड़ियों को बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों का अनुभव लेने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी जब यहां से लौटें तो अपने साथ टूर्नामेंट की यादों के अलावा छत्तीसगढ़ के लोगों के आतिथ्य और यहां की खूबसूरत जगहों की यादें भी लेकर जाएं।

वहीं कपिल देव ने छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे प्रोफेशनल टूर्नामेंट प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इच्छा जताई कि नवा रायपुर ओपन का आयोजन हर साल छत्तीसगढ़ में हो और इसकी तारीखें पहले से तय की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें। उन्होंने कहा कि जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्र हैं, उसी तरह आने वाले समय में छत्तीसगढ़ भी देश के बड़े गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *