रायपुर, तीजा हरितालिका और गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने दोनों पर्वों के जरिए प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

ओपी चौधरी ने कहा कि तीजा हरितालिका छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर महिलाएं पति की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए व्रत रखती हैं और भगवान शिव-माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं। उन्होंने कहा कि तीजा हमारी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ पारिवारिक स्नेह, सामाजिक सौहार्द और आपसी अपनत्व को भी मजबूत करता है।

वित्त मंत्री ने गणेश चतुर्थी की भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा की भक्ति में पूरा प्रदेश डूबा हुआ है और घर-घर व सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की स्थापना की जा रही है। गणेश चतुर्थी हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का पर्व है।

उन्होंने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजा जाता है। उनकी आराधना लोगों में सकारात्मक ऊर्जा और नई शुरुआत का विश्वास पैदा करती है। यह पर्व हमें सद्भाव, एकता और मिल-जुलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

ओपी चौधरी ने कामना की कि तीजा और गणेश चतुर्थी के ये दोनों पर्व प्रदेश के हर परिवार के जीवन में खुशियां लेकर आएं। भगवान शिव-माता पार्वती और भगवान गणेश की कृपा से छत्तीसगढ़ में सुख-शांति, समृद्धि और विकास का वातावरण लगातार मजबूत हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *