जीपीएम : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। CM हेल्पलाइन में मिली शिकायतों की जांच के बाद विभाग की टीम ने अलग-अलग इलाकों से रेत, मिट्टी और गिट्टी के अवैध परिवहन में इस्तेमाल हो रहे चार ट्रैक्टर और एक हाईवा को जब्त किया है।
खनिज विभाग के मुताबिक सिवनी क्षेत्र से रेत के अवैध परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर पकड़े गए। मजगवां से एक ट्रैक्टर, पड़वनिया से ईंट बनाने के लिए मिट्टी ले जा रहा एक ट्रैक्टर और पकरिया से गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे एक हाईवा को जब्त किया गया।
अलग-अलग जगहों पर हुई कार्रवाई
जब्त किए गए वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है। दो ट्रैक्टर सिवनी चौकी में और दो ट्रैक्टर के साथ हाईवा को अमरपुर पुलिस लाइन में रखा गया है। विभाग ने वाहन मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
CM हेल्पलाइन की शिकायतों पर मौके पर पहुंची टीम
जिले में नागरिकों की ओर से CM हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को लेकर खनिज विभाग ने मौके पर जांच की। जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को CM हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों की समय पर जांच और संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत खनिज विभाग शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित क्षेत्रों में जांच कर रहा है।
अवैध खनन पर कार्रवाई रहेगी जारी
खनिज विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन, भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग की नजर ऐसे मामलों पर बनी हुई है और शिकायत मिलने पर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का मकसद खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाने के साथ शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को कम करना है।