बलरामपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में हजारों परिवारों को अपने पक्के घर की सौगात मिली है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से अब तक जिले में 6,968 आवास पूरे किए गए हैं। 11 सितंबर को इन नए घरों में सामूहिक गृह प्रवेश कराया गया। लंबे समय से कच्चे मकान या झोपड़ी में रह रहे परिवारों के लिए यह दिन खुशी और भावुकता से भरा रहा।

जिले के सभी विकासखंडों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए। पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हितग्राहियों को नए घरों की चाबियां सौंपी गईं।

रामचन्द्रपुर में सबसे ज्यादा आवास पूरे

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रामचन्द्रपुर में 2,276, वाड्रफनगर में 1,772, कुसमी में 1,215, बलरामपुर में 1,142, राजपुर में 353 और शंकरगढ़ में 210 आवास पूरे किए गए हैं।

पक्का मकान मिला तो बदली परिवारों की जिंदगी

नए घर में प्रवेश करने वाले परिवारों का कहना है कि पक्की छत मिलने से अब बारिश, ठंड और दूसरी परेशानियों से राहत मिलेगी। उनके लिए यह सिर्फ नया मकान नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी बड़ी उपलब्धि है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि पक्का आवास परिवार की सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार है। प्रशासन की कोशिश है कि पात्र परिवारों को समय पर गुणवत्तापूर्ण आवास मिले और वे दूसरी सरकारी योजनाओं से भी जुड़कर आत्मनिर्भर बनें।

बाकी आवासों को भी जल्द पूरा करने पर जोर

प्रशासन ने शेष स्वीकृत आवासों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां भी की जा रही हैं। गृह प्रवेश करने वाले परिवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए अभियान में भागीदारी का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *