मुंबई : भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकारों (BOCW) के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को लेकर मुंबई में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। 11 और 12 सितंबर को चल रहे इस सम्मेलन में देशभर के निर्माण श्रमिकों को बेहतर सुरक्षा, सुविधाएं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को लेकर चर्चा हो रही है।

सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, मध्यप्रदेश के श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। छत्तीसगढ़ की ओर से श्रम सचिव हिम शिखर गुप्ता, भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और मंडल सचिव गिरीश रामटेके ने हिस्सा लिया।

योजनाओं और नवाचारों पर साझा हुए अनुभव

राष्ट्रीय सम्मेलन में अलग-अलग राज्यों में निर्माण श्रमिकों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं और उनके क्रियान्वयन के अनुभव साझा किए गए। साथ ही श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ आसान तरीके से पहुंचाने, योजनाओं की पहुंच बढ़ाने और उनके बेहतर क्रियान्वयन को लेकर आगे की रणनीति पर विचार किया गया।

निर्माण क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने के साथ-साथ उनके लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। सम्मेलन को देशभर में BOCW श्रमिकों के कल्याण की व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *