रायपुर : ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर दंतेवाड़ा में तैयारियां तेज हो गई हैं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को जिले में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और इसे जिला मुख्यालय तक सीमित रखने के बजाय गांवों और स्थानीय निकायों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अरुण साव ने कहा कि जनपद, तहसील, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम प्रभावी तरीके से आयोजित किए जाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वसहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।
महीनेभर चलेंगी अलग-अलग गतिविधियां
अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा की कहानी’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘जल जन सेवा संकल्प’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं, आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता कार्यक्रम के साथ स्वच्छता और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां भी कराई जाएंगी।
दिनवार कार्यक्रमों की तैयारी
कलेक्टर देवेश ध्रुव ने समीक्षा बैठक में जिले की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अलग-अलग स्तर पर बैठकें कर दिनवार और तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
अरुण साव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सिर्फ सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि सेवा, समर्पण और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत करने का माध्यम बने।